
बिलासपुर :–;शहर के स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि पत्रकार जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका है।
उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से समाचारों के प्रकाशन और प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करने तथा जिम्मेदार पत्रकारिता करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। अपुष्ट खबरें किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
इस दौरान पत्रकार संघ ने बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग रखी। इस पर साव ने भूमि चिन्हित कर राजस्व दस्तावेजों के साथ आवेदन देने की बात कही और भूमि आवंटन के बाद भवन निर्माण में भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
सम्मेलन में विधायक सुशांत शुक्ला सहित संघ के पदाधिकारी और प्रदेशभर से आए पत्रकार मौजूद रहे। पत्रकार सुरक्षा कानून, बीमा योजना और सम्मान निधि के नियम सरल बनाने की मांग भी उठाई गई।









