
सीपत :– बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने शुक्रवार 27 नवंबर को सीपत विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत सघन चेकिंग एवं वसूली अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभाग की छह टीमों ने अलग अलग क्षेत्रों में पहुंचकर बकाया बिजली बिल की जांच की और भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अभियान में कुल 357 उपभोक्ताओं की सूची के आधार पर कार्रवाई की गई, जिन पर 81 लाख 63 हजार 365 रुपए का बिजली बिल बकाया था। इनमें से 51 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन विच्छेदित किए गए, जिनके विरुद्ध 13 लाख 2 हजार 393 रुपए की बकाया राशि दर्ज थी। वहीं, 31 उपभोक्ताओं से 4 लाख 81 हजार 955 रुपए की राशि वसूल की गई।
अभियान के दौरान विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत दो तथा धारा 135 के तहत एक प्रकरण भी दर्ज किया गया। चेकिंग अभियान के तहत नवाडीह, एनडीएलएफ, दर्राभाठा, आईपी, गुड़ी और नरगोड़ा क्षेत्र में अलग अलग टीमों ने कार्रवाई की। विभाग का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ साथ बिजली बिल समय पर जमा करने के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करना है। विद्युत विभाग के एई कौशल जायसवाल ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा बकायादार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उपभोक्ताओं से अपील है कि वे अपने लंबित बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें।
बार बार सूचना देने के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कनेक्शन विच्छेदन एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हमारा प्रयास है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिले और वे भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समय पर बिल जमा करें। अभियान के तहत नवाडीह क्षेत्र में कनिष्ठ अभियंता रंजना देवांगन एवं राकेश राठौर, एनडीएलएफ क्षेत्र में गंगासागर ध्रुव एवं खगेश नेताम, दर्राभाठा क्षेत्र में अनामिका एवं प्रवीण जायसवाल, आईपी क्षेत्र में रोशन श्रीवास एवं अंकित गुप्ता, गुड़ी क्षेत्र में संदीप मनिकपुरी तथा नरगोड़ा क्षेत्र में सीआर साहू की टीम ने कार्रवाई की।

बिजली बिल बकायादारों पर विद्युत विभाग की सख्ती, चलाया सघन चेकिंग और वसूली अभियान">







