
बिलासपुर जिले में गौवंश संरक्षण और पशु क्रूरता रोकने की दिशा में प्रशासन ने सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मंथन सभाकक्ष में जिला स्तरीय गौधाम समिति एवं जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने की।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 14 गौधामों को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है, जिनमें से 10 गौधाम पंजीकृत होकर संचालित हो रहे हैं। समिति ने सितंबर माह में समाप्त त्रैमास के अनुदान प्रपत्रों का अनुमोदन किया। वहीं सोन और जाली में नए गौधाम स्थापित करने के लिए मिले आवेदनों पर भी अनुशंसा की गई।
समिति अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने लंबित आवेदनों का जिला पंचायत से समन्वय कर जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक शुरू नहीं हुए गौधामों का संचालन जल्द प्रारंभ कराने को कहा।
बैठक में आवारा श्वानों की नसबंदी और पशु जन्म नियंत्रण केंद्रों की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। फिलहाल नगर निगम बिलासपुर क्षेत्र में ही नसबंदी का कार्य संचालित है। अन्य नगरीय निकायों में भी केंद्र शुरू करने के लिए अधिकारियों को समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बिलासपुर में गौधामों के संचालन में तेजी लाने के निर्देश, लंबित आवेदनों का होगा जल्द निराकरण">







