
बिलासपुर में कुल हिन्द तेगी कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन, उमड़ा अकीदतमंदों का 2026 पर आयोजित कुल हिन्द तेगी कॉन्फ्रेंस (जलसा) 2026 ऐतिहासिक एवं शानदार सफलता के साथ संपन्न हुआ। 28 नवंबर, शनिवार को स्थानीय ईदगाह मैदान में आयोजित इस रूहानी कार्यक्रम में अकीदतमंदों का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि मैदान देर रात तक लोगों से भरा रहा। छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हज़ारों की तादाद में लोग इस मुबारक महफ़िल में शरीक हुए।
तेगी कमेटी के सदर जनाब मोहम्मद नसीम अंसारी की सदारत में आयोजित इस जलसे में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिष्ठित उलेमा-ए-दीन, मशायख़-ए-किराम, सज्जादानशीन, सूफ़ी-संत एवं धार्मिक हस्तियों ने शिरकत की। विशेष रूप से खानकाह-ए-सुरकाही शरीफ के सज्जादानशीन हज़रत मोहम्मद अली क़ादरी तेगी साहब (मुज़फ्फरपुर) की मौजूदगी जलसे का विशेष आकर्षण रही। इनके अलावा हज़रत मोहम्मद उस्मान रज़ा साहब (सुरकाही शरीफ), हज़रत मोहम्मद सैफुल्लाह अलीमी साहब (कोलकाता), हज़रत मुफ़्ती मोहम्मद आरिफ कुरैशी साहब (बरेली शरीफ), जनाब मुबारक हुसैन मुबारक साहब (गिरिडीह, झारखंड), जनाब ज़ाकिर इस्माइली साहब (बहराइच शरीफ) एवं जनाब कफ़ील अम्बर साहब (कोलकाता) सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कई प्रतिष्ठित धार्मिक व्यक्तित्वों ने अपनी उपस्थिति से महफ़िल की रौनक बढ़ाई।
इस जलसे की खास बात यह रही कि कार्यक्रम नमाज़-ए-ईशा के बाद शुरू होकर सुबह नमाज़-ए-फ़ज्र तक लगातार जारी रहा। पूरी रात अकीदतमंद उलमा-ए-किराम की तक़रीरें, नसीहतें और रूहानी पैग़ाम सुनने के लिए डटे रहे। सुबह तक लोगों का उत्साह और अदब बरकरार रहा। आयोजन के दौरान रातभर लंगर का इंतज़ाम चलता रहा, जिसमें आने वाले जायरीन एवं अकीदतमंदों ने शिरकत की।
महिलाओं के लिए विशेष पर्दे का इंतज़ाम किया गया था। जलसे के समापन पर उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज़-ए-फ़ज्र अदा की, जिसके बाद मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, इंसानियत और पूरी दुनिया में ख़ैर व बरकत के लिए ख़ुसूसी दुआएँ की गईं। उल्लेखनीय है कि बिलासपुर में कुल हिन्द तेगी कॉन्फ्रेंस का यह आयोजन पहले लगातार 16 वर्षों तक आयोजित होता रहा था। कोरोना महामारी और लॉकडाउन के कारण पिछले लगभग सात वर्षों से इसका आयोजन नहीं हो पा रहा था।
इस वर्ष कमेटी ने एक बार फिर इस रूहानी परंपरा को नई ऊर्जा के साथ शुरू किया और 17वें सालाना जलसे को यादगार बना दिया। कमेटी की ओर से अब प्रत्येक वर्ष इस आयोजन को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया है। यह जलसा केवल बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी विशेष पहचान रखता है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के बाहर से भी बड़ी तादाद में अकीदतमंद शिरकत करने पहुंचते हैं। कार्यक्रम के दौरान अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से मंच पर उपस्थित सभी उलमा-ए-किराम को प्रतीक स्वरूप कलम भेंट कर सम्मानित किया गया। फाउंडेशन की ओर से तालीम यानी शिक्षा के प्रचार-प्रसार और समाज में शैक्षणिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
संस्था का मानना है कि इल्म और तालीम ही समाज की तरक़्क़ी का महत्वपूर्ण आधार हैं। इसी उद्देश्य से धार्मिक हस्तियों को कलम भेंट कर शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया गया। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में तेगी कमेटी की युवा इकाई यंग तेगी क्लब ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कमेटी के सभी सदस्यों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया। व्यवस्थाओं, मेहमानों के स्वागत, लंगर, अनुशासन एवं अन्य आवश्यक इंतज़ामों में युवाओं और कमेटी के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कुल मिलाकर कुल हिन्द तेगी कॉन्फ्रेंस 2026 की यह रूहानी रात नूरानी और यादगार बन गई। आपसी मोहब्बत, भाईचारे, इंसानियत, इल्म और खानकाही परंपराओं के पैग़ाम के साथ संपन्न हुआ यह जलसा बिलासपुर की धार्मिक एवं सामाजिक एकता की खूबसूरत मिसाल बनकर सामने आया। अकीदतमंदों के लिए यह महफ़िल लंबे समय तक यादगार रहेगी।

बिलासपुर में कुल हिन्द तेगी कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन,">







