
सीपत :— दीपों के त्योहार दीपावली के शुभ अवसर पर विरानी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल सीपत में शुक्रवार को दीपावली मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीपत सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सरपंच मनीषा योगेश वंशकार ने कहा कि बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत देखकर गर्व होता है। दीपावली जैसे पावन पर्व पर जब नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी स्वयं अपने हाथों से सजावट, मिठाइयाँ और आकर्षक स्टॉल तैयार करते हैं,
तो यह न केवल उनकी प्रतिभा का परिचय है बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर कदम भी है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, सृजनशीलता और सामूहिकता की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में बच्चों ने दीपावली थीम पर आधारित विविध प्रकार की कलात्मक सजावट, हस्तनिर्मित दीप, रंगोली, घरेलू सजावट सामग्री और मिठाइयों के आकर्षक स्टॉल लगाए। स्कूल परिसर रंग-बिरंगे दीपों और सजावट से जगमगा उठा।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती तारा गिरी ने बताया कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी कला, कौशल और आत्म-प्रदर्शन का अवसर देते हैं। यह मेले बच्चों में टीमवर्क, जिम्मेदारी और सांस्कृतिक मूल्यों की समझ विकसित करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। मेले में विद्यालय परिवार, अभिभावकगण और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की और दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।










