
रतनपुर….पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना रतनपुर क्षेत्र में आगामी क्रिसमस पर्व एवं नववर्ष 2025 को दृष्टिगत रखते हुए शांति, कानून-व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने हेतु थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे द्वारा क्षेत्र के समस्त होटल, लॉज, ढाबा एवं रिसॉर्ट संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि किसी भी स्थिति में होटल, लॉज, ढाबा अथवा रिसॉर्ट परिसर में शराब पीने या पिलाने की अनुमति नहीं होगी। आबकारी अधिनियम एवं अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने की स्थिति में प्रतिष्ठान संचालक को पूर्णतः उत्तरदायी माना जाएगा।
सभी संचालकों को निर्देशित किया गया कि अपने प्रतिष्ठानों में बीट प्रभारी एवं संबंधित पुलिस कर्मचारियों के संपर्क नंबर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के आयोजन, पार्टी अथवा कार्यक्रम के लिए थाना रतनपुर से पूर्वानुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति आयोजन पाए जाने पर तत्काल कार्यक्रम निरस्त कर संबंधित के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
एसएसपी रजनेश सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार क्रिसमस एवं नववर्ष के दौरान थाना रतनपुर क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग, रात्रिकालीन गश्त एवं औचक जांच की जाएगी। कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध बिना किसी पूर्व चेतावनी के कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
थाना रतनपुर पुलिस आम नागरिकों एवं समस्त व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से सहयोग की अपील करती है, ताकि त्योहारी अवसर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।








