
सुबह 7 बजे से गुल हो रही बिजली, रतनपुर में बढ़ी परेशानी
रतनपुर में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सुबह से घंटों तक बिजली गुल रहने के कारण पेयजल संकट गहरा गया है और आमजन परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग न तो समस्या का समाधान कर रहा है और न ही शिकायतों का जवाब दे रहा है।रतनपुर नगर के कई वार्डों में इन दिनों लगातार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो दिनों से सुबह करीब 7 बजे से ही बिजली बंद हो जाती है और दिनभर बार-बार कटौती होती रहती है। भीषण गर्मी के बीच हर घंटे बिजली आने-जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सबसे ज्यादा परेशानी वार्ड क्रमांक 5, बूढ़ा महादेव और रानीपारा क्षेत्र के निवासियों को हो रही है। नागरिकों का कहना है कि सुबह के समय बिजली नहीं रहने से पानी की सप्लाई और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। मोटर और पंप नहीं चलने से लोगों को पानी के लिए भी जूझना पड़ रहा है।स्थानीय रहवासियों ने आरोप लगाया है कि बिजली विभाग के सरकारी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश करने पर या तो फोन बंद मिलता है या फिर कॉल रिसीव नहीं की जाती।
ऐसे में लोगों को यह तक जानकारी नहीं मिल पाती कि बिजली कब तक बहाल होगी और कटौती का कारण क्या है।नगरवासियों का कहना है कि एक तरफ बिजली के बिल लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नागरिकों ने जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।रतनपुर में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और पेयजल संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग नगरवासियों की शिकायतों पर कब तक संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान करता है।








