
*गरियाबंद*:- प्राथमिक शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला सिर्रीखुर्द में 11 जुलाई 2026 को शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के साथ अनेक प्रेरणादायक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि विजय कंडरा जी होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी विलक्षण प्रतिभा से देशभर में प्रसिद्ध रुद्र शर्मा (गूगल बॉय) उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सिर्रीखुर्द के सरपंच देवेंद्र वर्मा करेंगे।
शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर कक्षा पहली एवं छठवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विद्या आरंभ संस्कार संपन्न कराया जाएगा। साथ ही विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक जगन्नाथ ध्रुव का सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित कर उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान का अभिनंदन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया जाएगा तथा शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय परिवार ने समस्त जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों एवं शिक्षा प्रेमियों से इस गरिमामय कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की विनम्र अपील की है।

11 जुलाई को प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला सिर्रीखुर्द में प्रवेश उत्सव, विदाई समारोह एवं प्रतिभा सम्मान का होगा भव्य आयोजन">







