
सीपत– शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण से एक लंबी एवं गौरवपूर्ण यात्रा पूरी करने वाली मिडिल स्कूल की प्रधानपाठिका श्रीमती मंजू मिश्रा के सेवानिवृत्ति के अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, सीपत में विशेष सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह गरिमामय समारोह कल 28 जुलाई 2026, मंगलवार को प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित होगा। वर्तमान में सेजेस सीपत में मिडिल स्कूल की प्रधानपाठिका के रूप में पदस्थ श्रीमती मंजू मिश्रा ने अपने सेवाकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनके सरल, सहज और आत्मीय व्यवहार के साथ-साथ विद्यार्थियों के प्रति स्नेह तथा अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बीच एक विशेष पहचान दिलाई। उनके सेवाकाल की मधुर स्मृतियां विद्यालय परिवार और उनसे जुड़े लोगों के लिए सदैव यादगार रहेंगी। सेवानिवृत्ति समारोह केवल एक औपचारिक विदाई नहीं, बल्कि उनके वर्षों के सेवाभाव, समर्पण और अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर होगा। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, सहकर्मी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं शुभचिंतक एकत्र होकर श्रीमती मंजू मिश्रा को सम्मानित करेंगे और उनके स्वस्थ, सुखद एवं आनंदमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करेंगे। श्रीमती मंजू मिश्रा के लिए यह अवसर उनके जीवन के एक महत्वपूर्ण अध्याय के पूर्ण होने और एक नई यात्रा के शुभारंभ का प्रतीक है। शिक्षा के मंदिर में उनके द्वारा बिताए गए वर्षों की यादें निश्चित रूप से उनके साथ जुड़े हर व्यक्ति के मन में हमेशा जीवंत रहेंगी। विद्यालय परिवार ने सभी शुभचिंतकों एवं आत्मीयजनों से समारोह में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर श्रीमती मंजू मिश्रा के प्रति अपना स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं प्रदान करेंगे l








