
बिलासपुर..:–बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 50 नग नाइट्राजेपाम (Nitrosun) टैबलेट और 23 बोतल ओनेरेक्स कफ सिरप बरामद किए हैं। वहीं, पहले दर्ज 20 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे उड़ीसा के गांजा सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अरपा बैराज और पचरी घाट क्षेत्र में घेराबंदी कर विनोद साहू और विशाल कुमार बुनकर को पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों के पास से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद हुईं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूर्व में 20 किलो गांजा बरामदगी के मामले में फरार आरोपी अजीत थनापति उर्फ भोला को उड़ीसा से गिरफ्तार किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। साथ ही फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के जरिए अवैध कमाई और आर्थिक लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

बिलासपुर पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 3 आरोपी गिरफ्तार, उड़ीसा से फरार गांजा सप्लायर भी दबोचा">







