
*गरियाबंद :-* राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के सतत प्रयासों से जिले की सिंचाई परियोजनाओं के विकास हेतु करोड़ों रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। राज्य सरकार द्वारा गरियाबंद जिले की तीन प्रमुख जलाशयों एवं व्यपवर्तन योजनाओं के जीर्णोद्धार, मरम्मत एवं नहर लाइनिंग कार्यों के लिए 11 करोड़ रुपये से अधिक 1104.23 लाख रुपए की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
इस स्वीकृति से क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि को सीधा लाभ मिलेगा और अंतिम छोर के खेतों तक सुचारू रूप से पानी पहुँच सकेगा। इन स्वीकृत कार्यों में पतोरा व्यपवर्तन योजना के शीर्ष जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य हेतु 202.50 लाख रुपए, गनियारी जलाशय योजना के शीर्ष कार्य का जीर्णोद्धार, वेस्ट वियर व्यर्थ जल निकास की मरम्मत, मुख्य नहर की रिमॉडलिंग एवं सीमेंट कंक्रीट लाइनिंग कार्य के लिए 466.00 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है जिससे 144 हेक्टेयर से अधिक रकबा कृषि भूमि लाभान्वित होगी। इसके अलावा ठाकुरदेव जलाशय योजना शीर्ष तथा मुख्य नहर एवं शाखा नहरों का जीर्णोद्धार, मरम्मत व नहर लाइनिंग कार्य 435.73 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं जिससे 80 हेक्टेयर से अधिक रकबा लाभान्वित होगा। इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि हमारा राजिम विधानसभा क्षेत्र और संपूर्ण गरियाबंद जिला कृषि प्रधान क्षेत्र है। अन्नदाता का सम्मान और उनकी खुशहाली ही मेरे जीवन का सबसे बड़ा ध्येय है। जब-जब खेतों तक पानी पहुँचने में बाधा आई है,हमने किसानों के हित में कार्य किया है। आज गनियारी, ठाकुरदेव और पतोरा जैसी सिंचाई योजनाओं के जीर्णोद्धार व नहरों के सुदृढ़ीकरण की जो स्वीकृति मिली है, वह हमारे हजारों किसानों के सपनों और मेहनत को नया जीवन देने का संकल्प है। नहरों के सीमेंट लाइनिंग से पानी का अपव्यय रुकेगा और अंतिम छोर पर खड़े किसान के खेत तक भी आसानी से पानी पहुँचेगा। जब खेत लहलहाएंगे, तभी हमारा क्षेत्र समृद्ध और शक्तिशाली बनेगा। विधायक रोहित साहू ने इस जनहितैषी और किसान हितैषी निर्णय के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का राजिम एवं गरियाबंद क्षेत्र की जनता की ओर से धन्यवाद व आभार व्यक्त किया और कहा कि छत्तीसगढ़ की सुशासन की सरकार विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में मोदी की गारंटी को धरातल पर उतार रही है। हमारी सरकार ने तत्काल बजटीय स्वीकृति देकर यह साबित कर दिया है कि यह सरकार किसानों के हितों के प्रति कितनी संवेदनशील है। मैं मुख्यमंत्री जी का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने हमारी माँग को प्राथमिकता देते हुए यह स्वीकृति प्रदान की।
वर्षों पुरानी नहरों के जर्जर होने के कारण सिंचाई संकट से जूझ रहे क्षेत्रीय किसानों ने इस स्वीकृति पर अपार हर्ष व्यक्त किया है। गनियारी, पतोरा और ठाकुरदेव क्षेत्र के ग्रामीणों एवं किसान संघों ने लोकप्रिय रोहित साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सजग नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के कारण ही इतने बड़े स्तर पर बजट स्वीकृत हो पाया है।

गनियारी जलाशय, पतोरा नहर लाइनिंग और ठाकुरदेव जलाशय का होगा कायाकल्प,जिले की तीन जलाशय परियोजनाओं के लिए मिली 11 करोड़ राशि की स्वीकृति">








