
बिलासपुर :—नवरात्रि, दशहरा और दुर्गा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने शांति समिति की बैठक लेकर सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था संबंधी निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
दुर्गा विसर्जन रूट पर आज होगा मंथन
दुर्गा विसर्जन के मार्गों को अंतिम रूप देने के लिए 17 अक्टूबर को शाम 4 बजे रिवर व्यू में आयोजन समितियों, पुलिस और प्रशासन की बैठक होगी। इसमें यातायात व्यवस्था और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी न हो।
कलेक्टर ने रावण दहन स्थलों पर बिजली के तारों से सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, एसएसपी ने डीजे और साउंड सिस्टम के निर्धारित नियमों एवं ध्वनि सीमा का पालन करने की हिदायत दी। उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में दीपावली से पहले पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने सभी से प्रशासन का सहयोग करने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।

दुर्गा विसर्जन रूट पर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसएसपी ने ली शांति समिति की बैठक; नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई">






