
अटल श्रीवास्तव ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने उपमुख्यमंत्री से की मांग
कोटा:— छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी रतनपुर नगर के प्रमुख मार्गों पर लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने की मांग को लेकर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र लिखा है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि माँ महामाया मंदिर रतनपुर में प्रतिदिन छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि जैसे प्रमुख धार्मिक अवसरों पर श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होती है। इसके बावजूद नगर में स्थापित स्ट्रीट लाइटें पिछले कई महीनों से बंद पड़ी हैं, जिससे प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अंधकार की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण माँ महामाया के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से रात के समय अंधेरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं, चोरी एवं अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यह स्थिति धार्मिक नगरी रतनपुर की गरिमा एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से चिंताजनक है।
विधायक श्रीवास्तव ने कहा कि जिस रतनपुर नगरी में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आस्था और विश्वास के साथ पहुंचते हैं, वहां बुनियादी प्रकाश व्यवस्था का लंबे समय तक दुरुस्त नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। श्रद्धालुओं और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से आग्रह किया है कि श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रतनपुर नगर की बंद पड़ी समस्त स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि माँ महामाया के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।







