
कोण्डागांव:–; जिला मुख्यालय में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे नया बस स्टैंड बायपास चौराहे पर फलदार वृक्षों की कच्ची लकड़ी से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
बताया जा रहा है कि ट्रक का पिछला टायर फटने के कारण यह हादसा हुआ। सड़क पर ट्रक पलटने के बाद उसमें भरी लकड़ियां बिखर गईं, जिससे लकड़ी के अवैध परिवहन का मामला सामने आया।
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से क्षेत्र में लकड़ियों की तस्करी किए जाने की चर्चा होती रही है। इस घटना ने एक बार फिर वन विभाग की निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर किन रास्तों से होकर इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है और जिम्मेदारों को इसकी भनक क्यों नहीं लगती?
वन विभाग समय-समय पर अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करता है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे मामले सामने आना चिंता का विषय है।
सवाल यह है कि कार्रवाई के बाद भी तस्करी पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है?
अब देखना होगा कि वन विभाग इस मामले में लकड़ी के स्रोत, परिवहन से जुड़े लोगों और वैध दस्तावेजों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।
जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी नहीं होगी, तब तक वन संपदा की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी रहेगी।

ट्रक पलटने से लकड़ी तस्करी का मामला आया सामने, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल">







