
बिलासपुर:— दीपावली पर्व को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने शहरवासियों से विशेष अपील की है। त्योहार के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं, तेज रफ्तार से बचें और दोपहिया वाहन में तीन सवारी न बैठाएं। मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने से भी परहेज करें। साथ ही मुख्य मार्गों और सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे न फोड़ें।
शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए डायवर्सन, नो एंट्री, नो पार्किंग और एकांगी मार्ग के निर्देशों का पालन करने कहा गया है। दुकानदारों और व्यापारियों से भी अपील की गई है कि वे सड़क पर सामान फैलाकर आवागमन बाधित न करें।
भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों, प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और सड़क पर अनावश्यक वाहन खड़े नहीं करने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सहयोग से दीपावली का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशियों भरा बनाया जा सकता है।

दीपावली पर यातायात पुलिस की विशेष व्यवस्था, नागरिकों से नियमों का पालन करने की अपील">







