
बिलासपुर /मस्तूरी :/–ग्रामीण सड़कों और जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत द्वारा की जा रही भूख हड़ताल बुधवार को अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। अधिकारियों ने मंच पर उन्हें जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस दौरान पूरा पंडाल तालियों और भारत माता की जय, छत्तीसगढ़ महतारी की जय के नारों से गूंज उठा। 
भूख हड़ताल स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, समर्थक और शुभचिंतक मौजूद रहे। अधिकारियों ने दामोदर कांत की मांगों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर दामोदर कांत ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्तिगत स्वार्थ या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं,
बल्कि क्षेत्र की जनता के अधिकारों और मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए थी। ग्रामीण सड़कों की बदहाली और विकास कार्यों को गति दिलाना आंदोलन का मुख्य उद्देश्य रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन के आश्वासन के बावजूद यदि निर्धारित समय-सीमा में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो वे दोबारा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।
अंत में उन्होंने आंदोलन में सहयोग देने वाले ग्रामीणों, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद दामोदर कांत ने समाप्त की भूख हड़ताल.मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का मिला भरोसा, समय-सीमा में समाधान नहीं हुआ तो फिर करेंगे आंदोलन">








