
बिलासपुर में संविधान दिवस के अवसर पर जिलेभर के शासकीय कार्यालयों में संविधान के प्रति सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और जनसेवा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों के अनुरूप शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने आम नागरिकों के कार्यों को संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया गया। साथ ही संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया गया।
संविधान दिवस के अवसर पर संभागायुक्त कार्यालय, एसएसपी कार्यालय, जिला पंचायत और नगर निगम सहित जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर निष्पक्षता, पारदर्शिता और सम्मानपूर्ण व्यवहार के साथ जनता की सेवा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।









