
सीपत :– शासकीय मदनलाल शुक्ल महाविद्यालय, सीपत के लिए यह गर्व का क्षण है कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक दीपक कुमार राठौर का चयन दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने अभिभावक के साथ सहभागिता के लिए हुआ है। यह चयन माय भारत पोर्टल के अंतर्गत अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम तथा साइबर सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहभागिता और एनएसएस की वर्षभर की गतिविधियों को पोर्टल पर प्रभावी रूप से दर्ज करने के आधार पर क्षेत्रीय निदेशालय द्वारा किया गया है। विशेष उल्लेखनीय है कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य से केवल चार एनएसएस स्वयंसेवकों को ही यह सम्मानजनक अवसर प्राप्त हुआ है, जिनमें शासकीय मदनलाल शुक्ल महाविद्यालय, सीपत का नाम शामिल होकर क्षेत्र और संस्था को गौरवान्वित कर रहा है। इस उपलब्धि से एनएसएस परिवार सीपत में हर्ष और उत्साह का माहौल है। बता दें कि रॉक निवासी दीपक राठौर पिता धरमवीर राठौर वर्तमान में सीपत मदनलाल शुक्ल महाविद्यालय में बीएससी बायोलॉजी फाइनल ईयर के छात्र है। दीपक कुमार राठौर ने पत्रकारों को बताया कि यह उपलब्धि मेरे लिए नहीं, बल्कि मेरे महाविद्यालय, एनएसएस इकाई और मेरे मार्गदर्शकों की देन है। माय भारत पोर्टल और साइबर सुरक्षा अभियान के माध्यम से जो सीख मिली, उसने मुझे राष्ट्रसेवा से और अधिक जोड़ दिया है। गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होना मेरे जीवन का अविस्मरणीय क्षण होगा। वहीं, कार्यक्रम अधिकारी शत्रुहन घृतलहरे ने दीपक की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि दीपक राठौर की यह उपलब्धि एनएसएस की निरंतर सेवा, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है। यह चयन आने वाले स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। पूरे महाविद्यालय और एनएसएस इकाई को इस पर गर्व है। इस गौरवपूर्ण चयन ने न केवल दीपक राठौर, बल्कि सीपत और शासकीय मदन लाल शुक्ल महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।









