
बिलासपुर में सोशल मीडिया पर वायरल होने और सड़क पर स्टंटबाजी करने का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।कोनी थाना क्षेत्र में चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर खतरनाक स्टंट करने वाले कार चालक के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
मामला थाना कोनी क्षेत्र के मौहारपारा निरतू रतनपुर रायपुर रोड का है, जहां एक आर्टिका कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठाकर सड़क पर स्टंटबाजी की, जिससे युवती की जान खतरे में पड़ गई और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बड़ा हादसा होने की आशंका बन गई थी।
प्रार्थी धर्मेंद्र सूर्यवंशी की शिकायत पर कोनी थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 263/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें, क्योंकि ऐसी लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।









