
रतनपुर….पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली कि रतनपुर के स्वीपर मोहल्ला निवासी किरण रात्रे उर्फ कोंदा अपने घर में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर किरण रात्रे के घर से 35 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग 2800 रुपये बताई गई है, जब्त की। वहीं खैय्यापारा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए धर्मेंद्र प्रजापति के घर से 22 पाव कच्ची महुआ शराब और मनोहर प्रजापति के घर से 30 पाव कच्ची महुआ शराब बरामद की गई जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 5400 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया रतनपुर पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।








