
रिंग में दिखाया दम, ओडिशा-असम के बॉक्सरों को हराकर जीता स्वर्ण पदक”
रतनपुर…खुटाघाट। प्रतिभा,मेहनत और दृढ़ संकल्प का शानदार उदाहरण पेश करते हुए खुटाघाट क्षेत्र के ग्राम मेलनाडीह निवासी नैतिक सिंह ध्रुवे ने 2026-27 CBSE ईस्ट ज़ोन बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्णिम सफलता हासिल कर पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नैतिक सिंह ध्रुवे ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मुकाबले दर मुकाबले शानदार खेल दिखाते हुए ओडिशा, असम और अंबिकापुर के मजबूत एवं अनुभवी बॉक्सरों को पराजित कर प्रथम स्थान एवं स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
नैतिक सिंह ध्रुवे, पिता जय सिंह ध्रुवे, ग्राम मेलनाडीह (खुटाघाट) के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नैतिक ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।नैतिक की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ग्राम मेलनाडीह के नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे आगे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने गाँव, जिले और छत्तीसगढ़ राज्य का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर लक्ष्मी नारायण प्रधान, अंबरीश सिंह नेताम, रामफल यादव, दीपक दास, गोपी मरावी, हेमलता यादव, दीपक यादव, भूपेंद्र तिवारी, सागर चौहान, तुकाराम सहित समस्त ग्रामवासियों ने नैतिक सिंह ध्रुवे को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक शुभकामनाएँ एवं उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।

भुवनेश्वर में छत्तीसगढ़ का परचम: मेलनाडीह के नैतिक सिंह ध्रुवे बने CBSE ईस्ट ज़ोन बॉक्सिंग चैंपियन">







