
*गरियाबंद*:- गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुकदा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में एकल शिक्षक के भरोसे शिक्षा व्यवस्था संचालित होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। लंबे समय से शिक्षक की कमी से जूझ रहे ग्रामीणों और पालकों ने अब इस समस्या को लेकर मोर्चा खोल दिया है। इसी संबंध में ग्रामीणों ने छुरा एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर स्कूल में तत्काल अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग की है।
ग्राम कुकदा के शासकीय प्राथमिक शाला में केवल एक शिक्षक के सहारे बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही है। एक ही शिक्षक पर सभी कक्षाओं की जिम्मेदारी होने के कारण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। पालकों का कहना है कि शिक्षक की कमी का सीधा असर बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
समस्या के निराकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों और पालकों ने छुरा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 15 दिनों के भीतर स्कूल में अतिरिक्त शिक्षक अथवा व्यवस्था शिक्षक (वीजा/अतिथि शिक्षक) की नियुक्ति करने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर शिक्षक की व्यवस्था नहीं की गई तो वे स्कूल परिसर में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।

एकल शिक्षक के भरोसे चल रहा प्राथमिक स्कूल, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित; 15 दिन में शिक्षक नहीं मिला तो तालाबंदी की चेतावनी">






