
6 आरोपी गिरफ्तार, ₹3 लाख का मशरूका बरामद; चोरी का सामान बेचने ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी
रायगढ़/छाल SECL धरमखदान में ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी करने वाले गिरोह का छाल पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ₹1.20 लाख का चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल 3 मोटरसाइकिल समेत कुल करीब ₹3 लाख का मशरूका बरामद किया गया है।
रात में चोरी, सुबह से पुलिस की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त की रात करीब 8 से 11 बजे के बीच धरमखदान में लगे ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, ट्रांसफार्मर केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी कर लिए गए थे। चोरों ने ट्रांसफार्मर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सुरक्षा प्रहरी दिलीप कुमार राठिया की रिपोर्ट पर थाना छाल में अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों और चोरी के माल की तलाश शुरू कर दी।
खेदापाली चौक पर पुलिस को मिली बड़ी लीड
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खेदापाली चौक के पास कुछ संदिग्ध लोग लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर केबल और अन्य लोहे का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने धरमखदान से चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने चोरी का सामान और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिलों को चंद्रशेखरपुर (एडू) स्थित धरमखदान डम्पिंग यार्ड के पीछे मांड नदी किनारे छिपाकर रखना बताया।
निशानदेही पर पूरा चोरी का माल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से ट्रांसफार्मर केबल वायर, लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर पार्ट्स व एंगल, पानी पंप की दो लोहे की बॉडी समेत चोरी का पूरा सामान बरामद किया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर, बजाज CT-100 और HF Deluxe मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। बरामद चोरी के सामान की कीमत करीब ₹1.20 लाख, जबकि तीनों मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब ₹1.80 लाख बताई गई है। इस तरह कुल ₹3 लाख का मशरूका बरामद किया गया।
6 आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
1. दीपक पात्रो (42) निवासी राताखार, कोरबा
2. शनिचराम अरमु (22) निवासी कांसामार, कटघोरा
3. भारत सिंह मरकाम (42) निवासी पाथा, बांगो
4. टुपाल सिंह मरावी (30) निवासी पाथा, बांगो
5. रूपभवन सिंह उइके (28) निवासी पाथा, बांगो
6. छतन धनवार (28) निवासी सराईपाली, बाल्को, जिला कोरबा
के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में संगठित तरीके से वारदात किए जाने के आधार पर धारा 112(2) एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभु प्रसाद पाण्डेय, शंकर सिंह क्षत्रिय, अशोक देवांगन तथा आरक्षक राजेश राठौर, सुरेन्द्र बंशी और भगवती लक्ष्मे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
SSP का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी, संपत्ति संबंधी अपराध और संगठित अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन और औद्योगिक संस्थानों की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित पतासाजी कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी की संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।







