
रिमेडियल क्लास, साप्ताहिक टेस्ट और शिक्षक-पालक-विद्यार्थी समन्वय से बेहतर परिणाम का संकल्प
धरमजयगढ़;— एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय हीरापुर, लैलूंगा के संचालित परिसर धरमजयगढ़ में 9 अगस्त 2026 को कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के पालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी CBSE बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम के साथ विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अंक दिलाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य श्री राधेश्याम किसान द्वारा विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति और विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों को लेकर उठाए गए प्रयासों की जानकारी से हुई। प्राचार्य ने कहा कि जिन विद्यार्थियों के परीक्षा में अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन की संभावना है, उन पर विशेष निगरानी रखते हुए अतिरिक्त समय देकर व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यालय में अप्रैल 2026 से ही रिमेडियल क्लास एवं अतिरिक्त कक्षाओं की शुरुआत कर दी गई है।
बैठक में पालकों से भी उनके सुझाव और राय आमंत्रित की गई। पालकों ने 10वीं बोर्ड परीक्षा को विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पहला पड़ाव बताते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को नियमित अध्ययन, दिए गए कार्यों को समय पर पूरा करने और परीक्षा की गंभीरता को समझते हुए पूरी लगन से तैयारी करनी चाहिए।
बैठक में विद्यार्थियों को उनकी क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। मध्यम स्तर के विद्यार्थियों को 80 प्रतिशत से अधिक अंक की ओर अग्रसर करने तथा मेधावी विद्यार्थियों को अधिकतम अंक हासिल करने के लिए प्रेरित करने की बात कही गई। वहीं कमजोर विषयों और विद्यार्थियों की व्यक्तिगत कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने की जिम्मेदारी शिक्षकों द्वारा गंभीरता से निभाने पर सहमति बनी।
पालकों ने विद्यालय में आयोजित होने वाली साप्ताहिक टेस्ट परीक्षा को विद्यार्थियों की तैयारी के लिए उपयोगी अभ्यास बताया। उनका मानना रहा कि नियमित टेस्ट से बच्चों की कमजोरियों का समय रहते पता चलेगा और बोर्ड परीक्षा से पहले उनमें सुधार किया जा सकेगा।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षक, पालक और विद्यार्थी—तीनों के बीच निरंतर समन्वय जरूरी है। इसी सामूहिक प्रयास से विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन को नई ऊंचाई देने और विद्यालय का शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर पालक संघ के अध्यक्ष श्रीराम राठिया ने भी अपना महत्वपूर्ण समय देते हुए बैठक में सहभागिता की। बैठक में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं पालकगण उपस्थित रहे।
संदेश स्पष्ट—हर विद्यार्थी पर नजर, हर कमजोरी पर काम और बोर्ड में बेहतर परिणाम का लक्ष्य।।

EMRS हीरापुर में पालक बैठक: 10वीं के शत-प्रतिशत परिणाम और बेहतर अंक के लिए बनी रणनीति">







