
लाइट-पंखे, रंग-रोगन, नल व्यवस्था और टाइल्स मरम्मत पर खर्च होगी राशि, वार्डवासियों ने जताया आभार
धरमजयगढ़:— नगर पंचायत धरमजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 12 स्थित निचे पारा मंगल भवन के जीर्णोद्धार का रास्ता अब साफ हो गया है। आगामी वैवाहिक एवं धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए वार्ड पार्षद गगनदीप सिंह कोमल ने अपने पार्षद निधि से 1.50 लाख रुपये की अनुशंसा की है।
प्रस्तावित राशि से मंगल भवन में विद्युत व्यवस्था को बेहतर करने के साथ लाइट-पंखे लगाने, रंग-रोगन, नल व्यवस्था तथा कुछ हिस्सों में टाइल्स की मरम्मत जैसे आवश्यक कार्य किए जाएंगे। लंबे समय से भवन की देखरेख और सुविधाओं को लेकर जरूरत महसूस की जा रही थी। ऐसे में पार्षद की पहल से वार्डवासियों में संतोष है।
उद्घाटन के समय भी दी थी 1 लाख की राशि
गौरतलब है कि निचे पारा मंगल भवन के उद्घाटन के समय भी पार्षद गगनदीप सिंह कोमल ने अपनी निधि से 1 लाख रुपये की अनुशंसा की थी। अब एक बार फिर भवन के रखरखाव और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राशि दिए जाने से स्थानीय लोगों ने पार्षद का आभार जताया है।
नगर का एकमात्र उपयोगी मंगल भवन, देखरेख की जरूरत
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में मंगल भवनों की स्थिति लंबे समय से चिंता का विषय रही है। निचे पारा का मंगल भवन फिलहाल अपेक्षाकृत उपयोगी स्थिति में है, लेकिन समय रहते इसकी नियमित देखरेख नहीं की गई तो यह भी क्लब ग्राउंड स्थित मंगल भवन जैसी बदहाली का शिकार हो सकता है।
ऐसे में सवाल यह भी है कि क्या नगर पंचायत इन सार्वजनिक भवनों के नियमित रखरखाव को लेकर कोई ठोस व्यवस्था बनाएगी, या फिर जनप्रतिनिधियों की निधि से होने वाले मरम्मत कार्यों पर ही निर्भरता बनी रहेगी?
पार्षद निधि के इस्तेमाल को लेकर चर्चा में रहे हैं गगनदीप
वार्डवासियों के मुताबिक पार्षद गगनदीप सिंह कोमल पूर्व में भी अपनी पार्षद निधि के उपयोग को लेकर सक्रिय रहे हैं। कोरोना काल के दौरान राशन वितरण से लेकर कुओं, मंच निर्माण और अन्य स्थानीय जरूरतों के लिए निधि के उपयोग का उल्लेख स्थानीय लोग करते हैं।
सड़क और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे पर भी उनके द्वारा समय-समय पर आवाज उठाने की बात सामने आती रही है। स्थानीय स्तर पर पीडब्ल्यूडी और एडीबी से जुड़े अधिकारियों के समक्ष सड़क संबंधी समस्याओं को लेकर आंदोलन और चक्काजाम किए जाने के बाद कापू रोड, हाटी रोड और रायगढ़ रोड जैसे प्रमुख मार्गों के निर्माण एवं सुधार के लिए प्रयास किए जाने का दावा भी समर्थकों द्वारा किया जाता है।
हालांकि, गौरव पथ को लेकर स्थानीय लोगों की एक टीस आज भी कायम है। कुछ वार्डवासी दबे स्वर में यह सवाल जरूर उठाते हैं कि अगर गौरव पथ उनके वार्ड में होता, तो शायद इसकी तस्वीर कुछ और होती।
फिलहाल निचे पारा मंगल भवन के जीर्णोद्धार के लिए 1.50 लाख रुपये की अनुशंसा को वार्ड के लिए एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रस्तावित राशि से काम कितनी जल्दी और कितनी गुणवत्ता के साथ पूरा होता है।

निचे पारा मंगल भवन के जीर्णोद्धार को मिली रफ्तार, पार्षद गगनदीप सिंह कोमल ने 1.50 लाख की निधि की अनुशंसा">






