
धरमजयगढ़:—- ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर धरमजयगढ़ प्रेस क्लब एवं युवा जनसेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में मरीजों को फल वितरित कर आपसी प्रेम, सद्भावना और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का संदेश दिया गया। इस अवसर पर पत्रकारों, समाजसेवियों एवं मुस्लिम समाज के वरिष्ठजनों ने मिलकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया। 
कार्यक्रम में मुस्लिम समाज धरमजयगढ़ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी हाजी हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए। उनके दौर से पहले समाज में अनेक सामाजिक कुरीतियां व्याप्त थीं, जिन्हें उन्होंने मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश देकर दूर करने का प्रयास किया।
मुस्लिम समाज के पूर्व उपाध्यक्ष आसिफ इकबाल सिद्दीकी ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब इतिहास में महान समाज सुधारक के रूप में भी जाने जाते हैं। वे अल्लाह के सच्चे पैगंबर और रसूल हैं तथा उनके द्वारा पूरी इंसानियत के लिए दिए गए संदेश हमेशा याद किए जाते रहेंगे।
वहीं प्रेस क्लब अध्यक्ष नारायण बाइन, युवा जनसेवा समिति के प्रदीप विश्वास, बिंकल भाई एवं टीम के सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण कर ईद मिलादुन्नबी का संदेश मानव सेवा से जोड़ना इस पर्व की भावना को और सार्थक बनाता है।
प्रेस क्लब उपाध्यक्ष एवं पत्रकार असलम खान तथा गुरुचरण सिंह राजपूत ने सभी को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए कहा कि समाज में नफरत की जगह प्रेम, सहयोग और भाईचारे को बढ़ावा देना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रेस क्लब, युवा जनसेवा समिति एवं मुस्लिम समाज के सदस्य मौजूद रहे। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अस्पताल में फल वितरण का यह आयोजन धार्मिक सौहार्द और इंसानियत की मिसाल बनकर सामने आया।प्रेस क्लब और युवा जनसेवा समिति की इस नेक पहल के लिए सिविल अस्पताल के बीएमओ गजानन्द राठिया और उनके स्टाफ ने अभार जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मनोज सारथी,साहिल रब्बानी ,रमाकांत,रफीक खान,सलमान खान, ऐमान सिद्दीकी,की सराहनीय भूमिका रही।

ईद मिलादुन्नबी पर मरीजों के बीच पहुंचा भाईचारे का संदेश, प्रेस क्लब व युवा जनसेवा समिति ने किया फल वितरण">







