
नात-ओ-दुरूद और सरकार की आमद मरहबा की सदाओं से गूंजा शहर, देश ,प्रदेश में अमन-चैन व भाईचारे की मांगी दुआ
धरमजयगढ़:– जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर बुधवार को मुस्लिम समाज द्वारा अकीदत, एहतराम और शानो-शौकत के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। दोपहर जोहर की नमाज के बाद क्षेत्रीय यंग मुस्लिम कमेटी के तत्वावधान में स्थानीय जामा मस्जिद से निकला जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरा।
जुलूस पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए नीचे पारा जयस्तंभ चौक पहुंचा। इसके बाद पत्थलगांव मुख्य मार्ग से होते हुए अकीदतमंदों ने लोगों के बीच मिठाई, फल और पानी तकसीम किया। जुलूस बाईपास मार्ग से अस्पताल चौक होते हुए पीपरमार पहुंचा, जहां मुस्लिम समाज की ओर से लंगर का इंतजाम किया गया था। यहां फल, मिठाई और बिस्कुट सहित शिरनी का वितरण किया गया।
जुलूस के दौरान बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। अकीदतमंदों के हाथों में धार्मिक झंडे और बैनर नजर आए। पूरा वातावरण नात-ओ-दुरूद और “सरकार की आमद मरहबा” के नारों से गूंजता रहा। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत करते हुए पानी और शरबत की व्यवस्था की थी।
धर्मगुरुओं ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज में प्रेम, शांति, सद्भाव और भाईचारा कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।
जुलूस अपने अंतिम पड़ाव पर पुनः जामा मस्जिद पहुंचा, जहां सलात-ओ-सलाम पेश किया गया और देश-प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली एवं आपसी भाईचारा कायम रहने की दुआ मांगी गई।
पुलिस व्यवस्था की हुई सराहना..
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर धरमजयगढ़ पुलिस की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की भी मुस्लिम समाज ने सराहना की। क्षेत्रीय मुस्लिम कमेटी के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी राजेश कुमार जांगड़े सहित पुलिस स्टाफ को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन में सहयोग के लिए बधाई दी।
इससे पहले सुबह से ही क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी को लेकर उत्साह का माहौल रहा। मस्जिदों में परचम कुशाई कर इस्लामिक झंडा फहराया गया।मस्जिद को यंग कमेटी के साथियों ने बहुत ही खूबसूरत ढंग से सजाया था।

धरमजयगढ़ में अकीदत मोहब्बत और शानो-शौकत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी">







