
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर एक युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का, डंडे और बेल्ट से मारपीट की।
मामला 26 अगस्त 2026 का है। प्रार्थी शनि कुमार बंजारे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ईद का त्योहार देखने गोल बाजार गया था। वापस लौटते समय विनित श्रीवास ने उसे गणेश अस्पताल के पास बुलाया, जहां वह गार्ड का काम करता है। बताया गया कि विनित ने पूर्व में घरेलू काम के लिए शनि कुमार से पैसे लिए थे।
पैसे वापस करने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान विनित श्रीवास ने अपने साथी किशन ध्रुव के साथ मिलकर शनि कुमार से अश्लील गाली-गलौज की और हाथ-मुक्का, डंडे तथा बेल्ट से मारपीट कर दी।
मारपीट में घायल शनि कुमार का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें सामान्य चोटें होना बताया गया। प्रार्थी की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1210/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल टीम गठित कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के साथ ही पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
विनित कुमार श्रीवास, उम्र 26 वर्ष और किशन ध्रुव, उम्र 29 वर्ष, दोनों बिलासपुर के उस्लापुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।







