
*गरियाबंद*:- फिंगेश्वर विकासखंड से लगे ग्राम नागझर में रेत खदान को लेकर सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रेत खदान संचालित होने और इस दौरान रेत उपलब्ध होने की बात कही जा रही है। ऑडियो के माध्यम से रेत के कारोबार और उपलब्धता का प्रचार-प्रसार किए जाने का दावा भी सामने आया है।
ऑडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में रेत खदानों के संचालन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि रात के समय खदान संचालन और रेत परिवहन की अनुमति नहीं है, तो आखिर किसके संरक्षण में रात के अंधेरे में रेत का कारोबार चलने की बात सामने आ रही है। वहीं, यदि किसी प्रकार की अनुमति जारी की गई है तो उसकी शर्तों और समय-सीमा को सार्वजनिक किए जाने की मांग भी उठ रही है।
रेत माफियाओं पर शिकंजा कसने की मांग
क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोग रेत के अवैध कारोबार को बढ़ावा देते हैं। ऐसे में वायरल ऑडियो ने एक बार फिर रेत माफियाओं और अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों ने खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि वायरल ऑडियो की जांच कर यह पता लगाया जाए कि इसमें बताए जा रहे रेत खदान संचालन का दावा सही है या नहीं। साथ ही खदान की अनुमति, संचालन का समय, रेत परिवहन और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जाए।
हालांकि, वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं हुई है और ऑडियो में किस व्यक्ति की आवाज है, यह भी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में प्रशासन द्वारा जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।

फिंगेश्वर में रेत खदान को लेकर ऑडियो वायरल, रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक खदान चलने का दावा">






