
पोड़ी उपरोड़ा :–जटगा-पसान रोड पर मौत का तांडव, शराब के नशे में XUV कार क्षतिग्रस्त
आपको बता दें कि कोरबा जिले के दूरस्थ अंतिम छोर पर जटगा-पसान मार्ग की हालत काफी जर्जर है। इसके बावजूद कुछ लोग अपनी जिंदगी से खिलवाड़ तो कर ही रहे हैं, साथ ही सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन पर भी इसका भारी असर देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि लहंगा और जटगा के बीच शराब के नशे में XUV चालक ने घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार यह XUV वाहन कोरबा का बताया जा रहा है, जिसका क्रमांक CG 12 BH 5173 है। शराब के नशे में वाहन चलाते समय XUV बीच रास्ते में पलट गई। इस दौरान पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल चालक एवं कैंपर वाहन बाल-बाल बच गए। पुलिस विभाग की ओर से बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद लोग शराब के नशे में वाहन चलाना नहीं छोड़ रहे हैं।
जटगा-पसान मार्ग की जर्जर हालत और नशे में वाहन चलाने के कारण इस सड़क पर सफर करना लोगों के लिए मौत को दावत देने के बराबर हो गया है। बताया जा रहा है कि चालक सहित दो व्यक्तियों की हालत गंभीर है। शराब के नशे में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का खामियाजा राहगीरों को भी भुगतना पड़ रहा है। ऐसे वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।









