
बिलासपुर:—- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार और आम लोगों को योजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 16 अक्टूबर को बिलासपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल मेमोरियल ऑडिटोरियम में होगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव अध्यक्षता करेंगे। आयोजन छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बिलासपुर द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव और दिलीप लहरिया को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय तथा बिलासपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने को प्रोत्साहित किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य घरेलू बिजली खर्च कम करने में सहायता देना और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

बिलासपुर में कल होगा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का जिला स्तरीय कार्यक्रम केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि, उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे अध्यक्षता">








