
पुलिस लाइन स्थित अमर जवान ज्योति में शहीद पुलिस जवानों के बलिदान को किया गया नमन
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, IPS सहित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कोण्डागांव पुलिस द्वारा रक्षित केन्द्र (पुलिस लाइन) कोण्डागांव स्थित अमर जवान ज्योति में वीर शहीद पुलिस जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा, भारतीय पुलिस सेवा (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल, रक्षित निरीक्षक मनीष राजपूत, रक्षित निरीक्षक मुकेश जोशी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया।
इस अवसर पर शहीद पुलिस जवानों के अदम्य साहस, वीरता, त्याग एवं बलिदान का स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, IPS ने पुलिस स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस के वीर शहीदों का बलिदान देश एवं समाज के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर नहीं, बल्कि शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनसेवा, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के प्रति अपने दायित्वों को और अधिक निष्ठा से निभाने का संकल्प लेने का दिन है।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 10 पुलिस जवानों की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर देशभर में कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले समस्त पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।
कार्यक्रम में उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प व्यक्त किया।

पुलिस स्मृति दिवस पर कोण्डागांव पुलिस ने वीर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि">







