
*गरियाबंद*:- जतमई धाम में दर्शन के लिए पहुंची एक महिला के गले से करीब 2 तोला वजनी सोने की चेन चोरी होने के मामले में छुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नागपुर महाराष्ट्र के सात संदिग्धों को पकड़ा है। बरामद सोने की चेन की वर्तमान बाजार कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम फरफौद, थाना आरंग, जिला रायपुर निवासी नेमिन चंद्राकर, पति स्वर्गीय मुन्ना चंद्राकर, उम्र 55 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 अगस्त 2026 को करीब दोपहर 2 बजे जतमई धाम थाना छुरा क्षेत्र में उनके साथ चेन स्नेचिंग की घटना हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान कर पुलिस ने चेकिंग पॉइंट लगाकर काले रंग की कार क्रमांक MH 49 CS 2471 को रोककर उसमें सवार संदिग्धों से पूछताछ की।
कार से पुलिस ने नागपुर महाराष्ट्र के रहने वाले रौनक पानतावणे (30), सीमा पात्रे (40), विध्या उफाडे (30), मुस्कान पात्रे (26), मीना खडसे (35), नंदिनी पाथरे (30) और छाया उफाडे (50) को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक संदिग्धों के कब्जे से सोने की चेन जैसी वस्तु बरामद की गई है।
मामले में रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है और सभी संदिग्धों से पूछताछ करते हुए घटना में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा जिले के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर हुई इसी तरह की घटनाओं में उनकी संलिप्तता है या नहीं।
CCTV फुटेज और बरामदगी के आधार पर हुई कार्रवाई के बाद जतमई धाम में हुई चेन स्नेचिंग का मामला पुलिस के लिए अहम सफलता माना जा रहा है।

जतमई धाम में महिला से 3 लाख की सोने की चेन स्नेचिंग, नागपुर के 7 संदिग्ध हिरासत में">







