
*गरियाबंद*:- जिले में एक हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार GBME1 हाथी फिलहाल विजयनगर के खेत-खलिहानों में विचरण कर रहा है। बताया जा रहा है कि हाथी करीब एक घंटे से क्षेत्र में मौजूद है और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है।
हाथी के दिवना-कुम्हारमरा मार्ग को पार करने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में वन विभाग एवं ग्रामीणों ने राहगीरों से इस मार्ग पर फिलहाल सफर नहीं करने की अपील की है। वहीं विजयनगर क्षेत्र के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने और पक्के मकानों के अंदर सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
बताया जा रहा है कि हाथी पांडुका रेंज के ग्राम विजयनगर क्षेत्र में विचरण कर रहा है। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल अथवा खेतों की ओर अकेले न जाएं और हाथी के करीब जाने या उसका वीडियो बनाने का प्रयास न करें।
वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से कहा गया है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और हाथी की जानकारी आसपास के लोगों को तत्काल दें।

गरियाबंद में हाथी की दस्तक, विजयनगर के खेत-खलिहानों में कर रहा विचरण">







