
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से मिला सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन
नारायणपुर :–;सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान पीएम जनमन के अंतर्गत संचालित आवास योजना से जिले के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना से लाभान्वित होकर ग्राम पंचायत कोहकामेटा के ग्राम किहकाड़ निवासी गंगाबती पति सुकालू के परिवार के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
गंगाबती का परिवार लंबे समय से मिट्टी के कच्चे मकान में निवास कर रहा था। कच्चे घर के कारण बारिश, तेज हवाओं और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के दौरान परिवार को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। परिवार के लिए सुरक्षित और पक्के मकान का सपना लंबे समय से अधूरा था।
पीएम जनमन आवास योजना के माध्यम से गंगाबती के परिवार को पक्के आवास का लाभ मिला। योजना के सहयोग से उनके पुराने मिट्टी के कच्चे मकान की जगह अब मजबूत और ढलाई वाली पक्की छत से युक्त सुरक्षित आवास तैयार हो गया है।
पक्का मकान मिलने के बाद परिवार को मौसम की विपरीत परिस्थितियों से सुरक्षा मिली है। नए आवास से परिवार के जीवन में स्थायित्व आया है और अब वे अधिक सुरक्षित एवं सम्मानजनक तरीके से जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
गंगाबती के लिए यह आवास केवल एक मकान नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना उनके परिवार के जीवन में आए इस बदलाव का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनी है।

सेवा संकल्प अभियान: मिट्टी के घर से पक्के आशियाने तक – गंगाबती की बदली जिंदगी">








