
नहाते समय गहरे पानी में चला गया युवक
एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद शव निकाला
मंगला निवासी दिग्विजय कौशिक की मौत से परिवार में मातम
रतनपुर …कोटा क्षेत्र के कोरी डेम में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगला निवासी दिग्विजय कौशिक, पिता स्व. ईश्वर कौशिक के रूप में हुई है। दिग्विजय अनुकंपा नियुक्ति के तहत शिक्षा विभाग में पदस्थ थे।
मिली जानकारी के अनुसार दिग्विजय सोमवार सुबह अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने कोरी डेम पहुंचे थे। दोपहर करीब 2 बजे सभी दोस्त डेम में नहाने लगे। इसी दौरान दिग्विजय अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोस्तों ने उन्हें बचाने और तलाशने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण तत्काल उनका पता नहीं चल सका।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। जवानों ने काफी मशक्कत के बाद पानी के भीतर से दिग्विजय का शव बाहर निकाला।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने निकले दिग्विजय की अचानक मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।









