
बिलासपुर:— पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर को द्वितीय वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, सकरी-बिलासपुर के परेड ग्राउंड में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सलामी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में शहीद हुए पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की नामावली का वाचन किया। उन्होंने वीर जवानों के साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया।
इस अवसर पर बिलासपुर और मुंगेली जिला पुलिस बल, द्वितीय वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना तथा जिला जेल बिलासपुर के बैंड प्लाटूनों ने भव्य परेड में हिस्सा लिया। अनुशासित परेड के माध्यम से शहीद जवानों को सलामी देकर उनके बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें सम्मानित किया।
इस दौरान शहीद परिवारों के प्रति संवेदना और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और शहीद जवानों के परिजन उपस्थित रहे।
पुलिस स्मृति दिवस कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव अमर रहेगा।

पुलिस स्मृति दिवस: शहीद जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, परिजनों का हुआ सम्मान">







