
सीपत :– छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपसचेतक एवं दिलीप लहरिया ने गुरुवार को कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा की प्रवीण्य सूची में प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त करने वाली सीपत की मेधावी छात्रा माही कश्यप के निवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने छात्रा की इस उपलब्धि को पूरे सीपत क्षेत्र, बिलासपुर जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। इस दौरान विधायक ने माही कश्यप से उनकी सफलता का राज जाना। माही ने बताया कि परीक्षा देकर लौटने के बाद ही उन्होंने घर के भगवान कक्ष में एक कोरे कागज पर 98 प्रतिशत लिखकर रख दिया था और मन में विश्वास था कि वह यह लक्ष्य जरूर हासिल करेंगी। छात्रा की सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से विधायक भी प्रभावित नजर आए। विधायक दिलीप लहरिया ने छात्रा से भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा, जिस पर माही ने बताया कि वह बायो विषय लेकर डॉक्टर बनना चाहती हैं, ताकि समाज की सेवा कर सकें। इस पर विधायक ने उनकी आगे की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। माही के निवास पर आयोजित इस आत्मीय मुलाकात के दौरान उनके पिता गोविंद कश्यप और माता विद्या कश्यप सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे। परिवार ने विधायक और उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र धीवर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज खरे, सीपत प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रदीप पांडेय, पत्रकार हिमांशु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस बिलासपुर ग्रामीण राजू सूर्यवंशी, सुनील आईएएस एकेडमी सीपत के संचालक सुनील निर्मलकर, क्रांति सक्सेना एवं राकेश डोंगरे उपस्थित रहे। विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि माही कश्यप की सफलता केवल एक छात्रा की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे सीपत क्षेत्र और प्रदेश के लिए प्रेरणा है। सीमित संसाधनों में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना बताता है कि मेहनत और संकल्प के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती। ऐसी बेटियां छत्तीसगढ़ का भविष्य गढ़ रही हैं। माही की आगे की पढ़ाई में जो भी सहयोग आवश्यक होगा, मैं हर स्तर पर उनके साथ खड़ा रहूंगा। इस दौरान टॉपर छात्रा माही कश्यप ने बताया कि मैंने शुरू से ही अपना लक्ष्य तय कर लिया था और उसी दिशा में पूरी मेहनत की। परिवार और शिक्षकों का सहयोग मेरी सबसे बड़ी ताकत रहा। अब मेरा सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। विधायक जी का घर आकर आशीर्वाद देना मेरे लिए बहुत सम्मान और प्रेरणा की बात है

टॉपर माही से मिले मस्तूरी विधायक, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं">








