
बिलासपुर :—जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अब पात्र नागरिक 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और आवश्यक संशोधन के लिए दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 59 हजार 109 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 6 लाख 90 हजार 68 पुरुष, 6 लाख 68 हजार 989 महिलाएं और 52 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
खास बात यह है कि 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 की अर्हता तिथियां निर्धारित की गई हैं।
नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन या पता परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। नागरिक निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल या ECINET मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा बीएलओ के पास भी आवेदन जमा किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और समय सीमा के भीतर आवश्यक आवेदन करें। सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, 11 दिसंबर तक करें आवेदन">







