
रतनपुर….कोटा रेलवे गतवा फाटक के पास राहगीर की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर चाकू की नोक पर मोटरसाइकिल और मोबाइल लूटने वाले आरोपियों को कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर पुलिस को यह सफलता मिली।
मिर्ची पाउडर डालकर दिया लूट की वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 नवंबर 2026 को प्रार्थी शिवम् कुमार ध्रुव निवासी ग्राम खुरदुर अपने दोस्त के घर ग्राम दवनपुर में लक्ष्मी विसर्जन देखने मोटरसाइकिल एनएस पल्सर क्रमांक CG 10 CC 2726 से गया था। वापस लौटते समय रेलवे गतवा फाटक कोटा के पास तीन-चार अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले मोटरसाइकिल से अलग होने को कहा और फिर उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मोबाइल, मोटरसाइकिल और 1000 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है।
रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की रिपोर्ट पर कोटा पुलिस ने संबंधित धाराओं 126(2), 296, 351(3), 308(4), 309(4), 310(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
एक आरोपी सहित तीन विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार
पुलिस ने कैलाश उर्फ बिल्लू पिता रामलाल साहू उम्र 19 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 01 पड़ावपारा कोटा तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर, बालक भेजे गए बाल संप्रेषण गृह
पुलिस ने आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मिली सफलतायह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक 192 धर्मेंद्र साहू, आरक्षक 1092 सुनील पटेल, आरक्षक 1136 दीप सिंह कंवर एवं आरक्षक 1040 विनोद यादव की विशेष भूमिका रही।

गतवा रेलवे फाटक के पास आंखों में मिर्ची डालकर बाइक लूटने वाले गिरोह पर कोटा पुलिस का प्रहार, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार">








