
बिलासपुर:— छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले बिलासपुर जिला प्रशासन ने अवैध धान संग्रहण और कारोबार के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के सात ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 200 क्विंटल 40 किलो धान जब्त किया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य धान खरीदी केंद्रों में अनधिकृत धान खपाने की कोशिशों पर रोक लगाना है।
कार्रवाई के दौरान चकरभाठा के नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल और श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल धान जब्त किया गया। वहीं कोटा की श्रीराम राइस मिल से 50 क्विंटल 40 किलो और ग्राम गतौरा के अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल धान जब्त हुआ।
इसके अलावा बेलगहना के विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, किरारी के राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल और मझवानी के पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान जब्त किया गया।
सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान संग्रहण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

बिलासपुर में अवैध धान संग्रहण पर बड़ी कार्रवाई, 7 ठिकानों से 200 क्विंटल धान जब्त">






