
बिलासपुर :—चिटफंड कंपनी खोलकर ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर लगभग 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, सीपत निवासी प्रार्थी तीरथ राम रात्रे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2012-13 में ताराचंद पाटले ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड के नाम से चिटफंड कंपनी शुरू की थी। कंपनी के संचालकों ने ग्रामीणों को छह साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर प्रार्थी और उसके परिचितों से करीब 24 लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद कंपनी बंद कर आरोपी फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1668/26 के तहत धारा 420, 34 आईपीसी एवं छत्तीसगढ़ के पीडीआई एक्ट की धारा 10 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर सहित चार आरोपियों को पूछताछ के लिए तलब किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से कंपनी के बॉन्ड पेपर, रसीद और पासबुक सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में डेरहा प्रसाद कांत, ताराचंद पाटले, बसंत यादव और रतन लाल कुर्रे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है।

छह साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 24 लाख की ठगी, चिटफंड कंपनी का डायरेक्टर समेत चार गिरफ्तार">







