
बिलासपुर:— जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस 2026 का आयोजन किया जा रहा है। राज्य शासन के आदिम जाति विकास विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देश के अनुसार 11 नवंबर से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। वहीं 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। बिलासपुर जिले में 16 से 18 नवंबर तक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन के दौरान जनजातीय विषयों पर संगोष्ठी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान, करमा महोत्सव, वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव और नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इसके साथ ही जनजातीय विकास प्रदर्शनी, हस्तशिल्प एवं पुस्तक मेला, जनजातीय प्रमुखों का सम्मान, स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सेमिनार और फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएंगी।
शासन का उद्देश्य जनजातीय समाज की कला, संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा जनजातीय गौरव और स्वाभिमान को बढ़ावा देना है।








