उत्तर बस्तर कांकेर :—सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर आज कलेक्टोरेट कांकेर में डिजिटल फ्रॉड एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के साथ हो रहे साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से आमजन एवं शासकीय कर्मचारियों को सतर्क एवं जागरूक करना, सुरक्षित, जिम्मेदार एवं भरोसेमंद इंटरनेट उपयोग को बढ़ावा देना तथा साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना था।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं लिंक फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फेक वेबसाइट एवं डिजिटल स्कैम के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल लेन-देन के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित पासवर्ड, ओटीपी गोपनीयता एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने की प्रक्रिया को समझाया गया।
इस अवसर पर कलेक्टोरेट के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल जागरूकता के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि थोड़ी-सी सतर्कता और सही जानकारी से डिजिटल फ्रॉड से बचा जा सकता है।









