
नारायणपुर, :—जिले के प्रभारी मंत्री एवं राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा और वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम हलामी मुंजमेटा में आयोजित सुशासन तिहार एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने जिले में 6 करोड़ 70 लाख 78 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम के दौरान पल्ली-छोटेडोंगर-ओरछा मार्ग पर माड़िन नाला में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 4 करोड़ 85 लाख 77 हजार रुपये, ग्राम बावड़ी में पुलिया निर्माण के लिए 4 लाख 19 हजार रुपये, ग्राम करलखा में नाली निर्माण हेतु 19 लाख 39 हजार रुपये तथा सीसी सड़क निर्माण के लिए 16 लाख 36 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इसके अलावा ग्राम सुलेंगा (गुरिया) में खाद्यान्न भंडारण कक्ष निर्माण के लिए 13 लाख 76 हजार रुपये तथा बालक आश्रम सुलेंगा (धौड़ई) में अतिरिक्त शयन कक्ष निर्माण के लिए 19 लाख 87 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार ग्राम भाटपाल में पूर्व संचालित पुलिस कैंप भवन एवं शौचालय के उन्नयन कर उसे आश्रम शाला भवन के रूप में विकसित करने के लिए 44 लाख 96 हजार रुपये तथा नवीन जिला पशु चिकित्सालय भवन नारायणपुर हेतु 66 लाख 48 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, नल-जल योजना, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, शौचालय निर्माण एवं महतारी वंदन योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार ला रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 26 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। हलामी मुंजमेटा क्लस्टर में भी 500 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की गारंटी के तहत प्रत्येक परिवार को आवास, खाद्यान्न और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ वर्ष 2047 तक विकसित एवं समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि यहां की संस्कृति और परंपराएं देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
राजस्व विभाग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए वर्मा ने कहा कि नामांतरण, सीमांकन, त्रुटि सुधार तथा अतिक्रमण नियंत्रण जैसे कार्य ग्रामीण एवं शहरी विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
उन्होंने इस अवसर पर मारकाबेड़ा में सीसी सड़क एवं पुलिया निर्माण की घोषणा भी की।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारते हुए अपने वादों को पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए जिले के विकास हेतु लगभग ढ़ाई हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे सड़क, पुल-पुलिया सहित अनेक आधारभूत संरचनाओं का विकास होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। इस दौरान उन्होंने लखपति दीदियों से संवाद कर उनके कार्यों और योजनाओं से हुए लाभ की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने स्कूल भवनों की मरम्मत का कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कश्यप ने हलामी मुंजमेटा में यात्री प्रतीक्षालय, मारकाबेड़ा में आंगनबाड़ी केंद्र, करमरी में खेल मैदान, एड़का में साहू समाज भवन, नाऊमुंजमेटा में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, बाजार स्थल में शेड और हाईमास्ट लाइट, देवगांव में सामाजिक भवन पर शेड निर्माण, ग्राम बावड़ी में सामाजिक भवन तथा फरसगांव-मसपुर मार्ग पर तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की।

कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में 6 करोड़ 70 लाख 78 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने बताया कि जिले के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में उचित मार्गदर्शन मिल रहा है। साथ ही, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली के सहयोग से जिले के छात्र-छात्राओं एवं आत्मसमर्पित युवाओं को ‘चंदा चकोर’ नाटक का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में राजस्व विभाग के स्वामित्व योजना अंतर्गत हितग्राहियों को दस्तावेज प्रदाय किया गया |इसी प्रकार कृषि विभाग द्वारा सीड वितरण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पूर्ण आवास के हितग्रहियों को खुशियों की चाबी प्रदान की गई, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरण छड़ी एवं व्हीलचेयर, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड और श्रम विभाग द्वारा श्रम पंजीयन कार्ड वितरण किया गया | सुशासन शिविर में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारिता लघु वनोपज के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, छोटेडोंगर सरपंच संध्या पवार, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण, क्षेत्र के सरपंचगण, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुरिया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम अभयजीत मंडावी, जनपद सीईओ सुनील सोनपिपरे, सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

प्रभारी मंत्री एवं वन मंत्री ने किया 6 करोड़ 70 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण शिलान्यास">







