
गांव-गांव पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में हुए सहभागी, सीसी रोड का किया भूमिपूजन; ग्रामीणों की मांग पर मंदिर में शेड और महिला समूहों को वाद्य यंत्र देने की घोषणा
कोटा :—कोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अटल श्रीवास्तव ने क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सहभागिता निभाई। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। वहीं विकास कार्यों को गति देते हुए सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया तथा ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए कई घोषणाएं भी कीं।
विधायक अटल श्रीवास्तव सबसे पहले ग्राम बेलगहना के गंगानगर पहुंचे, जहां आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में शामिल होकर कथा श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने श्री श्याम भजनों का भी आनंद लिया। इसके पश्चात ग्राम पहंदा के सरैयापारा में आयोजित श्रीरामचरितमानस यज्ञ एवं सेवा कार्यक्रम में शामिल होकर मानस पाठ का श्रवण किया और प्रभु श्रीराम के चरणों में शीश नवाया।
इसी क्रम में विधायक ग्राम करूवार में आयोजित अखंड नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर ग्रामीणों को विकास कार्य की सौगात दी। वहीं ग्राम करवा में विराजित मां लक्ष्मी के दर्शन एवं पूजन कर क्षेत्र की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने की घोषणा
धार्मिक आयोजनों के दौरान ग्रामीणों ने अपनी मूलभूत आवश्यकताओं और विकास से जुड़ी मांगें भी विधायक के सामने रखीं। ग्राम पहंदा के ग्रामीणों ने हनुमान मंदिर में शेड निर्माण की मांग की, जिस पर विधायक ने मांग पूरी करने की घोषणा की। वहीं ग्राम करवा के महिला स्व-सहायता समूहों ने वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिस पर विधायक ने शीघ्र व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
विपक्ष में हूं, लेकिन विकास में कोई कमी नहीं आने दूंगा : अटल
इस अवसर पर विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि “मैं भले ही विपक्ष का विधायक हूं, लेकिन क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दूंगा। कोटा विधानसभा के प्रत्येक गांव का विकास और जनता की मांगों को पूरा करना मेरी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जनता की जरूरतों और विकास कार्यों के लिए मैं सदैव तत्पर रहूंगा।”
विधायक के इस दौरे के दौरान धार्मिक आस्था के साथ-साथ विकास कार्यों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर भी सक्रियता देखने को मिली।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बेलगहना अश्वनी उद्देश्य, विधायक प्रतिनिधि शिवदत्त पांडेय, शिवदयाल निर्मलकर, मनोज बाजपेई, कपिल जायसवाल, राम गंधर्व, अक्षय तिवारी, अशोक केशरवानी, उत्तम जायसवाल, दिलीप जायसवाल, हेमंत गुप्ता, गौरी पैकरा, पुनाराम केवट, मोतीराम भानु, रोहिणी, नीतू यादव, सुखराम, प्रतीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।









