
बिलासपुर/कोटा :—नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम धनरास के तिलैहापारा में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 36 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी झाडूराम बैगा (50), सुखराम बैगा (40) और कमल सिंह बैगा (29) अपने कब्जे में कच्ची महुआ शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान झाडूराम के कब्जे से 19 लीटर, सुखराम से 9 लीटर और कमल सिंह से 8 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत 7,200 रुपये बताई गई है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने तिलैहापारा ग्राम धनरास में अलग-अलग रेड कार्रवाई की। तीनों मामलों में अपराध क्रमांक 758/2026, 759/2026 और 760/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्र.उप निरीक्षक भूपेश देहाती, प्र.उप निरीक्षक सरस्वती मंडावी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









