
नारायणपुर:—राष्ट्रीय वन शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले के कोटूमहर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप शामिल हुए। उन्होंने वन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वन शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर की गई।
इसके बाद वन मंत्री केदार कश्यप ने वन शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि वन एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वन शहीदों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके त्याग और साहस से वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर वन मंत्री ने ‘एक पेड़ शहीद के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। उन्होंने पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वन शहीदों की स्मृति को सदैव जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति में लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान और पर्यावरण संरक्षण के महत्व का संदेश देते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कश्यप ने वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद कर विभागीय कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने वन संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और वन क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को निरंतर समर्पण, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय वन शहीद दिवस के इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने वन शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने वन संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ चित्रकांत चाली ठाकुर, वनमण्डलाधिकारी डॉ. वेंकेटेशा एम.जी., एसडीएम अभयजीत मंडावी सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।









