
बिलासपुर:– आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने सिरगिट्टी पुलिस ने असामाजिक तत्वों और चाकूबाजों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने तिफरा ओवरब्रिज के नीचे चाकू लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक तिफरा ओवरब्रिज के नीचे हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी देवा दिवाकर उर्फ गोलू (30 वर्ष) को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 662/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल दाखिल कर दिया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन एवं थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के दिशा-निर्देशन में की गई।
सिरगिट्टी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, चाकूबाजी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

तिफरा ओवरब्रिज के नीचे चाकू लेकर लोगों को धमका रहा था युवक, सिरगिट्टी पुलिस ने किया गिरफ्तार">








