
प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने किया शुभारंभ
नारायणपुर:–विद्यार्थियों के पोषण, स्वास्थ्य एवं विद्यालयों में नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नारायणपुर जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत निःशुल्क पौष्टिक नाश्ता प्रदाय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों को पौष्टिक नाश्ता वितरित किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में कुपोषण दूर करने के उद्देश्य से पौष्टिक लड्डू वितरण कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के तहत जिले के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत 13,015 विद्यार्थियों को प्रतिदिन 150 ग्राम निःशुल्क पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। नारायणपुर एवं ओरछा विकासखंड के कुल 476 विद्यालय इस पहल से लाभान्वित होंगे। योजना के संचालन के लिए 676 रसोइयों को प्रतिमाह 800 रुपये का अतिरिक्त मानदेय भी प्रदान किया जाएगा।
विभिन्न दिनों के लिए निर्धारित मेन्यू के अनुसार विद्यार्थियों को पोहा-फलीदाना, सूजी उपमा, दलिया तथा चना, खड़ा मूंग एवं फलीदाना जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह पहल बच्चों को संतुलित आहार उपलब्ध कराने के साथ कुपोषण की समस्या से निपटने, विद्यालयों में नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, छोटे डोंगर सरपंच संध्या पवार, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।









